CHHAPRA DESK - ज्ञान, विज्ञान, ईमान, अरमान और सम्मान-इन पांच मापदंडों पर सार्थक विकास जब फलीभूत होता है तो समाज को नई दिशा मिलती है. उक्त बातें सूबे के उप मुख्य मंत्री सह सारण के प्रभारी मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने दरियापुर स्थित दरिहारा डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन के अवसर पर आमजनों को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय के तहत शिक्षा के आधार को मजबूत करने की दिशा में पहले तो सभी अनुमंडलों में डिग्री महाविद्यालय का प्रस्ताव हुआ लेकिन फिर इसे प्रखंड स्तर तक स्थापित किए जाने पर सहमति बनी और आज यह कार्य पूर्ण हुआ जब बिहार के 211 प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन भागलपुर के गोराडिह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के जरिए हो रहा है. उन्होंने दरियापुर प्रखंड के दरिहारा डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन के अवसर पर सारण जिले में अन्य (मशरक, मढ़ौरा, तरैया लहलादपुर, पानापुर, एकमा, इसुआपुर, मकेर)आठ प्रखंड स्थित डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना से सारण जिले के लोगों खासकर महिलाओं के लिए शिक्षा का मजबूत आधार विकसित होने की बात कही तथा शिक्षित बिहार से समृद्ध और विकसित बिहार की बात कही. इस मौके पर सबसे पहले जयप्रकाश नारायण विश्वविद्यालय, छपरा के कुलपति प्रमेन्द्र कुमार बाजपेई ने स्वागत भाषण करते हुए आज इस अवसर के लिए जबकि शिक्षा का इतना व्यापक प्रसार होगा उसके लिए मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री तथा तमाम प्रबंधों हेतु जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. वहीं स्थानीय विधायक करिश्मा राय ने अपने संबोधन में शिक्षा को विकास का आधार बताया और ऐसे कार्यों के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया. स्थानीय एमएलसी बीरेन्द्र नारायण यादव ने भी अपने संबोधन में बिहार सरकार के इस प्रयास से नैतिक तथा सांस्कृतिक मूल्यों के प्रतिष्ठापन की बात कही. दरिहारा डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन के मौके पर उप मुख्यमंत्री-सह-प्रभारी मंत्री श्री यादव का स्वागत सबसे पहले जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने किया. उसके बाद उप मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया, फिर फीता काटकर उन्होंने प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया. जहा, पारम्परिक रीतिपूर्वक उन्हे पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया. वंदे मातरम् तथा राष्ट्रगान के बाद मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य में 211 डिग्री महाविद्यालयों के उद्घाटन परिदृश्य से सभी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े. बाद में बिहार गीत के गायन के बाद परिसर में पौधारोपण भी किया गया.