CHHAPRA DESK - सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आज समाहरणालय परिसर से तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया. रैली को जिला पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. तिरंगा साइकिल रैली समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर थाना चौक होते हुए खेल भवन परिसर तक गई. रैली में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. रैली के दौरान सबसे आगे स्केटिंग कर रहे बच्चे रहे, जिसके बाद तिरंगा लेकर साइकिल सवार छात्र-छात्राएं देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े. “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के उद्घोष से पूरा मार्ग देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा. तिरंगा साइकिल रैली के माध्यम से आमजन के बीच राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया. साथ ही, “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जिलेवासियों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का सशक्त माध्यम है. राष्ट्रीय ध्वज हमारे गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है। तिरंगा हमें स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है. उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को फ्लैग कोड ऑफ इंडिया का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति जन-जागरूकता को मजबूत करना है. जब प्रत्येक घर पर तिरंगा लहराता है, तो वह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और सामूहिक राष्ट्रभावना का प्रतीक बन जाता है. इस अवसर पर जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.


