CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत अमनौर थाना क्षेत्र के धर्मपुर जाफर पंचायत के कुंवारी गांव निवासी सेना के जवान की हृदय गति रुकने से निधन हो गया. मृतक 58 वर्षीय हवलदार चरित्र राम के पुत्र रामेश्वर राम बताये गये है. उनका पार्थिव शरीर देर संध्या कुआरी पैतृक गांव पहुंचा तो लोगो की भीड़़ उमड़़ पड़ी. लोग जय जवान जय किसान, जबतक सूरज चांद रहेगा रामेश्वर का नाम रहेगा, के जयकारे लगा रहे थे. उनका अंतिम दर्शन के लिए लोग काफी आतुर थे. शव को देख परिजनों में चित्कार मच गई. पत्नी का रो-रोकर हाल-बेहाल हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार रामेश्वर राम भारतीय सेना के ग्रिफ (GREF) में हवलदार के पद पर उत्तराखंड के हरिद्वार में पदस्थापित थे. ड्यूटी के दौरान ही 20 सितंबर को उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसी रात करीब साढ़े नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. जवान को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. सेना के जवानों और अमनौर पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उस दौरान अंचलाधिकारी सुप्रिया कुमारी भी मौजूद रहीं. मौके पर श्रद्धांजलि देने के लिए राजद नेता सुनील राय, पैक्स अध्यक्ष अजित सिंह, मुखिया संजय साह, बीडीसी प्रतिनिधि पिंटू तिवारी, सरपंच रंधीर कुमार, सरपंच प्रतिनिधि राहुल सिंह उर्फ ठाकुर, थानाध्यक्ष बिमलेश कुमार, मनसाद अली, जयप्रकाश शर्मा, पैक्स अध्यक्ष अनिल यादव समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे. उनके बड़े पुत्र रमेश राम ने नारायणी गंडक नदी तट पर मुखाग्नि दी.