CHHAPRA DESK - छात्रों से फीस वसूली के विरोध में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कुलपति का पुतला फूंककर अपनी नाराजगी व्यक्त की. ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक सत्र 2023-27 के विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य इंटर्नशिप के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार इंटर्नशिप निःशुल्क कराया जाना है इसके बावजूद छात्रों से विभिन्न मदों में अनावश्यक फीस की वसूली की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों में काफी आक्रोश है. कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र हित से जुड़े मामलों में विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू करनी चाहिए.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने फीस वसूली पर तत्काल रोक लगाने, विश्वविद्यालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की. ABVP ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और छात्रों पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक आर्थिक बोझ स्वीकार नहीं किया जाएगा.


