CHHAPRA DESK- सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सारण रौशन कुमार ने आज देर संध्या छपरा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत पंकज सिनेमा रोड, नगरपालिका चौक, गांधी चौक, नेहरू चौक, तेलपा स्टैंड एवं श्यामचक स्थित प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पूजा आयोजकों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.निरीक्षण के क्रम में पंडालों के अंदर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए मजबूत बल्ले अथवा स्टील पिलर से बैरिकेडिंग करने तथा प्रवेश एवं निकास द्वार अलग-अलग रखने का निर्देश दिया गया. साथ ही, पंडालों में दिन एवं रात्रि के समय कार्यकर्ताओं की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया.अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर को सभी बड़े पंडालों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. विद्युत विभाग को सभी पंडालों का विद्युत ऑडिट कर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने तथा भवन प्रमंडल को पंडालों की संरचनात्मक मजबूती का प्रमाण पत्र प्राप्त कराने का निर्देश दिया गया. अग्निशमन पदाधिकारी को नियमित रूप से पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया. जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा आयोजकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने छपरा के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुपालन का दिया निर्देश

