CHHAPRA DESK- लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के तत्वावधान में सारण जिला प्रशासन द्वारा सिताब दियारा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी, सदर छपरा द्वारा लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया. इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर उनके विचारों, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति योगदान का संदेश दिया. उक्त अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता एवं कला कार्यशाला में स्थानीय बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता में आदित्य कुमार ने प्रथम, आंचल कुमारी ने द्वितीय तथा अजीत कुमार महतो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया. यह आयोजन लोकनायक के विचारों एवं आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ बच्चों की कला प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का एक सार्थक प्रयास रहा.
लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर सिताब दियारा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन


