CHHAPRA/ VAISHALI DESK - सारण जिला अंतर्गत दिघवारा थानांतर्गत गंगा नदी में स्नान करने के दौरान डूबे एक मजदूर का शव आज तीसरे दिन नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नदी तट से बरामद किया गया है. शव को उसके भाइयों के द्वारा ही नदी में तलाश के दौरान बरामद किया गया है. इस घटना की सूचना के बाद नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. मृतक की पहचान वैशाली जिला के लालगंज थाना क्षेत्र निवासी स्व महेंद्र सहनी के 40 वर्षीय पुत्र अवधेश सहनी के रूप में की गई है. इस घटना के संबंध में मृतक के भाइयों के द्वारा बताया गया कि अवधेश सहनी मजदूरी करता था और वैशाली से दिघवारा स्थित एक व्यक्ति के घर के निर्माण में लगा था. तीन रोज पहले वह निर्माण कार्य करने के बाद नदी पर स्नान करने चला गया और वापस नहीं लौटा. जिसके बाद उसे मकान मलिक के द्वारा इस घटना की सूचना उन लोगों को फोन पर दी गई. सूचना के बाद वे लोग अपने भाई की खोजबीन को लेकर नदी में तलाश कर रहे थे. हालांकि इस मामले में उन लोगों के द्वारा अपने स्तर से खोजबीन की जा रही थी और पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी. इसी क्रम में आज सुबह वे लोग नयागांव थाना अंतर्गत नदी तट से शव की तलाश करते हुए दिघवारा आ रहे थे. खोजबीन के क्रम में उसके शव को पानी में देखकर बाहर निकाला और पहचान के बाद पुलिस को सूचना दी गई. तब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है. फिलहाल इस घटना के बाद पूरे घर परिवार में रोना-पीटना लगा हुआ है. बताया जा रहा है कि अवधेश सहनी की कमाई से ही उसका घर परिवार चलता है. उसे छोटे-छोटे बच्चे हैं. उसकी मौत के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है.