CHHAPRA DESK- सारण जिलांतर्गत एशिया प्रसिद्ध हरिहरनाथ सोनपुर मेला के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में मेला क्षेत्र सहित मेला तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, पशु मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया बैठक में यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था को ले जेपी सेतु पर सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया. विशेषकर शनिवार एवं रविवार को तीनों पालियों में पर्याप्त संख्या में पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया. जिसको लेकर पटना जिला प्रशासन एवं वैशाली जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा गया. वहीं नगर कार्यपालक पदाधिकारी को प्रकाश व्यवस्था का नोडल पदाधिकारी नामित करते हुए हरिहरनाथ मंदिर प्रवेश द्वार से लेकर मेला परिसर, कैंप एरिया एवं नखास क्षेत्र तक पर्याप्त एवं आकर्षक एलईडी तथा झालर लाइटिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया तथा नगर क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को 6 नवंबर तक दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. वहीं पर्यटन विभाग द्वारा स्विस कॉटेज के लिए चिह्नित क्षेत्र के आसपास पार्किंग की व्यवस्था हेतु संबंधित रैयतों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही जलजमाव की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. वहीं, सिविल सर्जन से मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई. बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से सात अस्थायी स्वास्थ्य शिविर 24×7 संचालित किए जाएंगे.

मेला क्षेत्र के नौ स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके. वहीं, पशु मेला के सभी बाजार स्थलों पर पर्याप्त पेयजल एवं जल निकासी के लिए ड्रेनेज एवं सोख्ता की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया तथा पशुओं के उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए समर्पित पशु चिकित्सा टीम की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया. जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश किया कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुगम एवं बेहतर सुविधाओं से युक्त मेला अनुभव उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.