PURNIA DESK- बिहार के पूर्णिया जिला अंतर्गत रूपौली थाना क्षेत्र के मैना भगवानपुर वार्ड नंबर 6 में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर छापेमारी में अक्कल मंडल उर्फ अखिलेश मंडल को गिरफ्तार किया है. वहीं एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है. गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने अक्कल मंडल के घर छापा मारा. पुलिस ने मौके से हथियार व अर्द्ध निर्मित हथियार, 80 जिंदा कारतूस, हथियार बनाने की मशीनें और उपकरण जब्त किए. छापेमारी दल का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धमदाहा अजीत प्रताप सिंह चौहान ने किया. पुलिस के अनुसार, मौके से एक 12 बोर देशी मस्कट, सात देशी कट्टे और एक सिक्सर/रिवाल्वर मिला। इसके अलावा 12 अधबने बैरल, पांच कट्टों के पिछले हिस्से और चार अगले हिस्से मिले।पुलिस ने 12 बोर के 28 और 7.62 एमएम के 52 कारतूस जब्त किए. खाली खोखे और कारतूस के अन्य हिस्से भी मिले हैं. मौके से विभिन्न प्रकार की मशीनें, इलेक्ट्रॉनिक लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने दो मोबाइल फोन और 25 हजार रुपए नकद भी जब्त किए हैं. पुलिस के अनुसार, अक्कल मंडल उर्फ अखिलेश मंडल के खिलाफ रूपौली थाने में 2003 में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था. इस मामले में 11 फरवरी 2003 को कांड संख्या 18/03 दर्ज किया गया था. 31 अक्टूबर 2003 को आरोप पत्र दाखिल किया गया था. छापेमारी टीम में एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान, रूपौली अंचल के पर्यवेक्षी पदाधिकारी कुंदन कुमार चौधरी, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पंकज कुमार, रूपौली थानाध्यक्ष अभय रंजन और मोहनपुर थानाध्यक्ष पंकज प्रताप सहित अन्य शामिल थे.