CHHAPRA DESK- छपरा जिला नियोजनालय के द्वारा आगामी 03 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन शहर के राजेन्द्र स्टेडियम परिसर में किया जाएगा. जिसका उद्घाटन युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग मंत्री अरूण शंकर प्रसाद के द्वारा पूर्वाह्न 11:30 बजे किया जाएगा. रोजगार मेला में तकनीकी एवं गैर तकनीकी क्षेत्र से हरिओम फीड्स प्राइवेट लिमिटेड, विजन इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, फ्रीडम एम्प्लॉयाबिलिटी एकेडमी और लेर्नर प्राइवेट लिमिटेड सहित लगभग 20 से 25 प्रतिष्ठित कम्पनियां भाग ले रही हैं. रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी इस रोजगार मेला में भाग लेकर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं. इस रोजगार मेला में योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक, डिप्लोमा, बी-टेक इत्यादि एवं वेतन कम से कम 12500-27500 तक होगा. नियोजन मेला में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक है कि उनका निबंधन नियोजनालय में हो. नियोजनालय में निबंधन की प्रक्रिया ऑनलाईन कर दी गयी है, जो कि बिहार सरकार के रोजगार पोर्टल https://detjob.bihar.gov.in पर मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थी/ नियोजकों को निबंधन कराना आवश्यक होगा. नियोजन मेला से संबंधित विस्तृत जानकारी टॉल फ्री नं0-18002965656 पर प्राप्त किया जा सकता है. कोई भी अभ्यर्थी घर बैठे अपना निबंधन इस पोर्टल के माध्यम से कर सकता है. साथ ही जिला नियोजनालय, छपरा कार्यालय में भी ऑनलाईन निबंधन हेतु संपर्क किया जा सकता है. अभ्यर्थी अपना निबंधन इस पोर्टल पर आवश्यक रूप से करा लेंगे. वैसे, नियोजन कैम्प में भी ऑनलाईन निबंधन की व्यवस्था रहेगी.