GOPALGANJ DESK - नेपाल के तराई इलाकों में हो रही भारी बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. जिससे गोपालगंज जिले के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट पर हैं. नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर जल संसाधन विभाग ने सभी संवेदनशील और अति-संवेदनशील तटबंधों की सुरक्षा बढ़ा दी है. इंजीनियरों की टीमों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं. तटबंधों की चौबीसों घंटे निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में मानव बल भी तैनात किया गया है, ताकि कटाव या रिसाव की स्थिति में तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया जा सके.
दो लाख क्यूसेक छोड़ा गया पानी
गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि वाल्मीकिनगर बराज से नदी में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है. यह भारी मात्रा में पानी अगले 30 घंटों के भीतर गोपालगंज के तटीय और मैदानी इलाकों में पहुंचने की संभावना है. प्रशासन ने आशंका जताई है कि जलस्तर में इस अचानक वृद्धि के कारण गंडक नदी के निचले और दियारा इलाकों में पानी तेजी से फैल सकता है. एहतियात के तौर पर, इन निचले इलाकों में बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को स्थानीय मुखिया और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया है. प्रशासन राहत और बचाव कार्यों के लिए नावों, शरणस्थलों और आवश्यक सामग्रियों की तैयारी में जुट गया है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.


