GOPALGANJ DESK - साइबर फ्रॉड के मामले में गुजरात एनआइए की टीम ने गोपालगंज जिला अंतर्गत नगर थाना क्षेत्र के थावे रोड स्थित तुरकाहां गांव में छापेमारी की. मोहम्मद कैफ नाम के शख्स की तलाश में रेड मारी गई थी. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. करीब सात घंटे तक हुई छापेमारी के बावजूद कैफ NIA के हाथ नहीं आया. जबकि उसके घर से 6 लैपटॉप और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं. टीम ने नोटिस देकर फरार कैफ को अहमदाबाद बुलाया है. छापेमारी के दौरान एनआइए की टीम ने नजमुल होदा उर्फ लाल बाबू के आवास पर छापेमारी उनसे घंटों पूछताछ भी की. टीम ने मोहम्मद कैफ के नाम से एनआइए का नोटिस भी दिया है. नोटिस के जरिए कैफ को अहमदाबाद बुलाया है. छापेमारी करने वाली टीम गुजरात के अहमदाबाद से पहुंची थी.
थाने में मोहम्मद कैफ के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
छापेमारी के बाद एनआइए की टीम नगर थाना पहुंची, जहां मोहम्मद कैफ के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की. इस दौरान नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर से भी जानकारी ली गई. मोहम्मद कैफ के नेटवर्क को खंगालने में अब स्थानीय पुलिस भी जुट गयी है. एनआईए की टीम मोबाइल और लैपटॉप जब्त करने के बाद लौट गयी. जांच एजेंसी ने कार्रवाई के दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी. हालांकि, अब तक एनआईए टीम की छापेमारी के कारणों और मामले से संबंधित आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है. एसपी विनय तिवारी ने एनआइए की छापेमारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उनकी तरफ से कार्रवाई की ठोस जानकारी नहीं दी गयी है.


