GAYA JI DESK - गयाजी में चाकू गोदकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. रुपए लेनदेन के विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान 23 वर्षीय गौतम कुमार के रूप में हुई है. घटना ​मेडिकल थाना क्षेत्र के गोपालपुर की है.पुलिस के अनुसार, गौतम सूद-ब्याज पर पैसा लगाता था. उसका पास के ही गांव मड़ई निवासी अभिषेक से रुपए को लेकर कुछ विवाद था. इसी बात को लेकर गुरुवार को दोनों के बीच बातचीत हो रही थी. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई.विवाद के दौरान आरोपी अभिषेक ने गुस्से में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गौतम के पेट और पीठ पर चाकू के कई वार किए. जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. गौतम के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर वारदात को अंजाम दिया गया. लहूलुहान हालत में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि मौके पर कुछ और भी युवक मौजूद थे. बावजूद इसके अभिषेक ने दुस्साहस दिखाते हुए चाकू से हमला बोल दिया और आसानी से फरार भी हो गया. वहीं सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिषेक कुमार, डीएसपी धर्मेंद्र भारती और मेडिकल थाना इंस्पेक्टर कृष्ण सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. रात में ही घेराबंदी करके मुख्य आरोपी अभिषेक को धर दबोचा. ,इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई आवेदन नहीं आया है.