CHHAPRA DESK - सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज जिला निबंधन कार्यालय का निरीक्षण कर निबंधन प्रक्रिया, विभिन्न काउंटरों, आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा वर्तमान ऑनलाइन एवं पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया. उन्होंने कहा कि पुराने कागजी एवं अधिक प्रक्रियात्मक तरीके की तुलना में वर्तमान पेपरलेस व्यवस्था को आमजन के लिए और अधिक सरल, सहज, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाया जाना आवश्यक है. जिला पदाधिकारी ने कहा कि पेपरलेस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कागज का उपयोग कम करना नहीं, बल्कि निबंधन की पूरी प्रक्रिया को कम समय में, कम परेशानी के साथ और अधिक पारदर्शिता के साथ पूरा कराना है. इसके लिए नागरिकों को आवेदन से लेकर दस्तावेज प्राप्त करने तक प्रत्येक चरण की स्पष्ट जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होनी चाहिए. जिला पदाधिकारी ने निबंधन की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाने के लिए फ्लो चार्ट तैयार कर होर्डिंग/फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. इसमें ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क, सत्यापन, पेपरलेस प्रक्रिया एवं निबंधित दस्तावेज प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया को क्रमवार प्रदर्शित करने को कहा गया. उन्होंने आरटीआई काउंटर एवं संचिकाओं के निष्पादन जैसे आंतरिक कार्यों से संबंधित काउंटरों को पब्लिक इंटरेक्शन वाले स्थान से अलग कर कार्यालय के अंदर की ओर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया, ताकि नागरिकों के लिए बनाए गए सेवा काउंटरों पर बेहतर एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित हो सके.उन्होंने हेल्पडेस्क की व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए तीन हेल्पडेस्क सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की चेकलिस्ट, निर्धारित शुल्क, प्रक्रिया एवं अन्य जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा, ताकि नागरिकों को बार-बार जानकारी के लिए किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर न रहना पड़े.
पेपरलेस निबंधन से आसान हुई प्रक्रिया ; आमजन की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश


