CHHAPRA / SIWAN / GOPALGANJ DESK - सारण जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आज समाहरणालय परिसर, सारण स्थित सभागार में पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs) के लिए एक दिवसीय प्रमंडलीय जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सारण प्रमंडल के अंतर्गत छपरा, सिवान एवं गोपालगंज के नवचयनित पैरा लीगल वालंटियर्स ने भाग लिया. कार्यक्रम का संचालन पैनल अधिवक्ता सुनीता कुमारी द्वारा किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान तक विधिक सहायता एवं न्याय की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने में पैरा लीगल वालंटियर्स की भूमिका को सशक्त बनाना तथा उन्हें प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्रदान करना रहा.कार्यक्रम में बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के संयुक्त सचिव संतोष पाण्डेय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के सचिव राजीव कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गोपालगंज के सचिव अनूप कुमार उपाध्याय, एसीजेएम-सह-सब जज नवम, सारण श्री संजय कुमार, एसीजेएम-सह-सब जज चतुर्थ, मनीष कुमार, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार तथा मुख्य लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS), जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण पूर्णेन्दु रंजन सहित अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायिक पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने कहा कि पैरा लीगल वालंटियर्स न्यायपालिका एवं आम जनमानस के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं. उन्होंने पैरा लीगल वालंटियर्स के दायित्वों एवं कार्यों, सरकारी विधिक सहायता योजनाओं, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता प्रणाली तथा समाज के गरीब, वंचित एवं कमजोर वर्गों के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी.

कार्यक्रम के दौरान पैरा लीगल वालंटियर्स को निःशुल्क विधिक सहायता एवं संबंधित सेवाओं के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में भी जानकारी दी गई.