CHHAPRA DESK- सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-331 स्थित चेतन छपरा तीखा मोड़ के समीप बीती रात तेज रफ्तार हाइवा ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. टक्कर के बाद हाइवा बाइक को घसीटते हुए करीब एक किलोमीटर दूर तक ले गया. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, वहीं मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया.
मृतकों में एक की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के कामता गोपालपुर गांव निवासी शिवजी रावत के पुत्र 26 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान राजकुमार शाह के 23 वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार शाह के रूप में की गई है. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों युवकों के चेहरे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे परिजनों को उनकी पहचान करने में भी काफी कठिनाई हुई. बताया जाता है कि बीती रात करीब 9:30 बजे दोनों युवक बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान एनएच-331 के चेतन छपरा तीखा मोड़ के समीप तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और हाइवा उसे घसीटते हुए करीब एक किलोमीटर दूर पूछरी नहर पुल के समीप तक ले गया. हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालकों की लापरवाही के विरोध में सड़क जाम करने का प्रयास किया. हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई. दो युवकों की असामयिक मौत से गांव में मातमी माहौल है. हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

