CHHAPRA DESK –  19 जून को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के छपरा आगमन को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने डीआरएम आशीष जैन समेत सभी वरिष्ठ अधिकारियो के साथ छपरा जंक्शन, छपरा कचहरी स्टेशन एवं छपरा ग्रामीण जंक्शन का आज निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई. इस मौके पर आरपीएफ के प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश भी मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सर्कुलेटिंग एरिया में रेल मंत्री के कार्यक्रम के लिए हो रहे कार्यों व व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की. जीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और यात्रियों को न्यूनतम परेशानी का सामना करना पड़े. रेल प्रशासन के द्वारा 19 जून को छपरा जंक्शन का मुख्य प्रवेश मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा. स्टेशन पर प्रवेश के लिए यात्रियों क़ो सेकंड एंट्री का उपयोग करना होगा,

ताकि भीड़-भाड़ और असुविधा से बचा जा सके. वही उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत छपरा जंक्शन पर चल रहे विकास कार्यों की भी पहले मैपिंग के जरिए समीक्षा की. बाद मे उन्होंने अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश दिये. उन्होंने बताया कि स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पूरी तरह हाईटेक बनाया जाएगा. यात्री सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके. वही उन्होंने ग्रीष्मकालीन एवं परीक्षा विशेष गाड़ियों के संचालन एवं भीड़ प्रबंधन के निमित्त परिचालनिक व्यवस्था, होल्डिंग एरिया,सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था हेतु व्यापक निरीक्षण किया और संबंधित को दिशा निर्देश दिया.इस दौरान सभी अधिकारी मौजूद रहे.