CHHAPRA DESK - सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आपूर्ति शाखा के जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई जिसमें अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था-सह- जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा तीनों अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी भी शामिल थे. जिले में प्रतिदिन 1648 राशन कार्ड के निर्माण के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए दिनांक 13 अगस्त 2026 तक 49455 राशन कार्ड तैयार किए जाने को लेकर जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिला कल्याण पदाधिकारी से राशन कार्ड से वंचित लोगों की सूची प्राप्त कर ली जाए तथा विकास मित्र के माध्यम से महादलित टोलों सहित अन्य छूटे हुए पात्र लाभुकों से आवेदन कराने को कहा गया. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जो छूटे हुए पात्र लाभुक हैं, उनके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों (मुखिया, वार्ड, पंच-सरपंच, पंचायत समिति, जिला परिषद सदस्य) के साथ बैठक कर ऐसे वंचित राशन कार्ड वालों की सूची तैयार कर ली जाए, माईकिंग से प्रचार-प्रसार कराया जाय तथा इस संबंध में जांच हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारियों/कर्मियों को लगाया जाय। प्रखंड विकास पदाधिकारी को जांच हेतु पंचायतवार नोडल पदाधिकारी नामित करने का भी निर्देश दिया गया है. जिसमें पंचायत सचिव, विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, आवास सहायक, आवास पर्यवेक्षक, मनरेगा के पंचायत तकनीकी सहायक रहेंगे तथा जांच एपी कलेक्ट के माध्यम से कराया जायेगा.
सारण में प्रतिदिन 1648 राशन कार्ड के लक्ष्य के तहत 13 अगस्त तक 49455 राशन कार्ड तैयार किए जाएंगे


