CHHAPRA DESK - सारण की धरती एक बार फिर राज्य स्तरीय खेल आयोजन की ऐतिहासिक गवाह बनने जा रही है. 18वीं राज्य सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप–2026 का आयोजन 18 एवं 19 जुलाई को गड़खा प्रखंड के रायपुर बाईपास पर किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा जिला प्रशासन से भी आवश्यक अनुमति प्राप्त हो चुकी है. यह जानकारी सारण साइकिलिंग संघ के जिला अध्यक्ष डॉ देव कुमार सिंह ने गुरुवार को स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ 18 जुलाई की सुबह 5:00 बजे जिलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा. प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित होगी. इसमें विभिन्न आयु वर्गों के सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी निर्धारित दूरी की रोड साइकिलिंग स्पर्धाओं में भाग लेंगे. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. देव कुमार सिंह ने कहा कि सारण को लगातार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिलना जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता बिहार में साइकिलिंग खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ जिले की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगी. डॉ. सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, आवास, चिकित्सा, पेयजल, भोजन, यातायात तथा तकनीकी व्यवस्थाओं सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आयोजन समिति एवं जिला प्रशासन के समन्वय से प्रतियोगिता को सफल एवं यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है. इस अवसर पर सारण साइकिलिंग संघ के संरक्षक सुरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि इतने बड़े राज्य स्तरीय आयोजन की मेजबानी मिलना सारण जिले के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि इससे जिले के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन आने वाले समय में सारण को बिहार के प्रमुख खेल केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा. प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष सह आयोजन समिति की सदस्य संगीता सिंह एवं प्रीति सिंह, संयुक्त सचिव शैलेंद्र पुरी, कोषाध्यक्ष आनंद सिंह सहित संघ के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे. सभी ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं जिलेवासियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की. सारण साइकिलिंग संघ को उम्मीद है कि यह राज्य स्तरीय चैंपियनशिप न केवल खेल प्रतिभाओं को नया मंच प्रदान करेगी, बल्कि जिले की खेल संस्कृति को भी नई पहचान दिलाएगी. प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है.
HULCHAL NEWS 24
Satya Ke Sath


