CHHAPRA DESK- सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज आयुक्त कार्यालय के सभागार में मतदान एवं मतगणना की तैयारियों तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान एवं सारण के सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी तथा सभी पांचों जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे. संबंधित पदाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. बैठक में मतदान केंद्रों पर दीवार लेखन, मतदान कर्मियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदान सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण, परिवहन व्यवस्था, मतपेटियों की सुरक्षा, पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, नियंत्रण कक्ष के संचालन तथा मतगणना केंद्र की तैयारियों की क्रमवार समीक्षा की गई. सभी जिलों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया. बैठक में सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को मतपत्र के माध्यम से होने वाले निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई. बताया गया कि मतदाता अपनी पसंद के अभ्यर्थियों के लिए अधिमानता क्रम में अंक अंकित कर सकते हैं, लेकिन प्रथम अधिमानता का अंक अंकित करना अनिवार्य है. प्रथम अधिमानता अंकित नहीं होने की स्थिति में मतपत्र अवैध हो जाएगा. साथ ही, अधिमानता अंकित करने के लिए केवल अंतरराष्ट्रीय अंक अथवा रोमन अंक का प्रयोग ही मान्य होगा. इनके अतिरिक्त किसी अन्य अंकन पद्धति का प्रयोग किए जाने पर मतपत्र अवैध हो सकता है. सभी संबंधित पदाधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए मतदान प्रक्रिया के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने पर बल दिया गया. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक तथा मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से निर्धारित मतगणना केंद्र पर होगी. निर्वाचन क्षेत्र में कुल 98 मतदान केंद्रों पर 10,748 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. बैठक में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सतर्कता एवं समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया.