CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत बनियापुर प्रखंड स्थित सतुआ पंचायत में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद एक घर के सामने शव दफनाए जाने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया. जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम आज मौके पर पहुंची और अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की पहल की. जांच के लिए पहुंचे सदर एसडीओ नितेश कुमार ने बताया कि पूर्व में सड़क किनारे कब्रिस्तान के उपयोग की स्थिति थी. बाद में स्थानीय स्तर पर कब्रिस्तान के लिए जमीन की व्यवस्था और सीमांकन को लेकर बात सामने आई है. जिसको लेकर दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत की जा रही है, ताकि किसी भी पक्ष को परेशानी न हो और विवाद का स्थायी समाधान निकाला जा सके. लोगों से जमीन की स्थिति, कब्रिस्तान की सीमा और पूर्व से निर्धारित स्थल के संबंध में जानकारी ली जा रही है. जांच के बाद जमीन के सीमांकन और कब्रिस्तान से जुड़े मामले को स्पष्ट किया जाएगा. प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों की सहमति और आपसी बातचीत के आधार पर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही, आगे किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो, इसके लिए स्पष्ट व्यवस्था और सीमांकन पर भी विचार किया जाएगा. वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे क्षेत्र की शांति और आपसी भाईचारा प्रभावित हो. बता दें कि बीते दिन कथित कब्रिस्तान की जमीन पर शव नहीं दफनाये जाने के कारण स्थानीय निवासी मुर्तुजा अंसारी के द्वारा घर के समीप ही अपने परती जमीन में शव को दफना दिया गया था, जो कि उनके पड़ोसी मुकेश वर्मा के घर के ठीक सामने पड़ता है. इस घटना के बाद दोनों पड़ोसियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी और यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था.
सतुआ पंचायत में कब्रिस्तान को लेकर विवाद गहराया तो एसडीओ ने की जांच ; समाधान का दिया आश्वासन


