CHHAPRA DESK - सारण जिले के जनता बाजार थाना अंतर्गत सिरिस्तापुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई. मृत छात्रा की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के सिरिस्तापुर गांव निवासी सुमनेंद्र मांझी की 21 वर्षीय पुत्री महिमा कुमारी के रूप में की गई, जो कि बीए की छात्रा थी. प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती संध्या गांव में बारिश हो रही थी. उस दौरान घर के दो बच्चे मकान की छत पर बारिश में स्नान कर रहे थे. उस दौरान महिमा भी छत पर पहुंची और दोनों बच्चों को छत से नीचे भेजा. उस दौरान वह भी बारिश में भीग गई थी. तभी तेज गर्जना हुई और जैसे ही वह भागकर सीढी घर में पहुंची, उसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. 


डिश एंटीना व दीवार भी क्षतिग्रस्त 


इस घटना के संबंध में बता दें कि महिमा के घर के सीढी घर के ऊपर डिश एंटीना लगा हुआ था. आकाशीय बिजली गिरते के साथ ही डिस एंटीना और वायर के रास्ते ठनका दीवार में पहुंची. जिस कारण दीवाल क्रेक हो गया और वहीं समीप भींगकर खड़ी महिमा भी उसकी चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है.