CHHAPRA DESK - आगामी 15 जुलाई से सारण जिले में 9 नये डिग्री काॅलेज का शुभारम्भ उत्सवी माहौल में हो, इसकी फूल प्रूफ तैयारी के लिए जिलाधिकारी ने सभी संबंधितों के साथ बैठक की और सभी को सख्त दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सबसे पहले आज ही सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा छात्रों को आमंत्रण भेज दें. सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का विजिट कर लें तथा आवश्यकतानुसार सिविल वर्क के तहत जलजमाव दूर करने, मिट्टी-भराव, टाॅयलेट, पीने के पानी आदि का प्रबंध कर लें. सभी जगह प्राॅपर नेमप्लेट सहित साइनेज का प्रबंध कर लें। जिला योजना पदाधिकारी शिलापट्ट लगवाएंगे जिसका अनावरण स्थानीय जन प्रतिनिधियों के हाथों होगा। पूरे परिसर को पुष्प तथा बैलून लगाकर उत्सव का रंग देंगे. कार्यक्रम में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान तथा राज्य गीत सहित दीप प्रज्वलन तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा संबोधन हेतु मिनट्स तैयार रहेगा जिसके मुताबिक कार्यक्रम होगा. कार्यक्रम के लिए किसी टेंट पंडाल की जरूरत नहीं है, क्योंकि कार्यक्रम क्लासरूम में ही होगा और पठन-पाठन तो निश्चित रूप से होगा इसकी व्यवस्था हर हाल में हो. दिनांक 15 जुलाई को जिन 9 नए डिग्री काॅलेज का शुभारम्भ सारण जिले में होगा, जो कि इसुआपुर, दरियापुर, एकमा, मशरक, मढ़ौरा, मकेर, तरैया, लहलादपुर और पानापुर में अवस्थित हैं. उक्त सभी जगह के कार्यक्रम के लिए सामान्य दिशा-निर्देश के अतिरिक्त जिलाधिकारी ने दरियापुर तथा मकेर दो स्थलों पर विशेष चौकस व्यवस्था हेतु निदेशित किया, क्योंकि दरियापुर में माननीय उप मुख्यमंत्री-सह- प्रभारी मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव तथा मकेर में सारण जिला के प्रभारी सचिव-सह-सचिव ग्रामीण विकास विभाग, पंकज कुमार स्वयं इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे. जिलाधिकारी ने सभी स्थलों पर दो-तीन टी0वी0 लगाए जाने, इंटरनेट लैपटाॅप सहित लाईव डिस्पले के प्रबंध हेतु भी निदेशित किया. इस दौरान उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी काॅलेज के प्रिंसिपल, सिविल वर्क से संबंधित जेई सभागार में मौजूद थे तथा सभी संबंधित जिलों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे.