CHHAPRA DESK - 52वीं बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता में सारण जिले की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया है. फाइनल मुकाबले में सारण की टीम ने बक्सर को हराकर पहली बार इस प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. इस सफलता पर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विजेता टीम को अपने कार्यालय कक्ष में आमंत्रित कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस अवसर पर भारतीय कबड्डी महासंघ के कोषाध्यक्ष रमाकांत सिंह सोलंकी ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सारण के लिए गर्व का क्षण है. बच्चों की कड़ी मेहनत से टीम पहली बार चैंपियन बनी है. उन्होंने बताया कि इस टीम के कई प्रतिभावान खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बिहार राज्य की टीम में चयनित होकर खेलेंगे. साथ ही, उन्होंने जिले में खिलाड़ियों के बेहतर अभ्यास हेतु एक समर्पित खेल मैदान की आवश्यकता भी जताई. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जिले के युवा खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन दिया जा रहा है. जिले की सभी ग्राम पंचायतों में खेल के मैदान विकसित किए जा रहे हैं तथा कई प्रखंडों में स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी है. जिलाधिकारी ने युवाओं से अपील की कि वे सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें. इस अवसर पर सारण कबड्डी टीम के खिलाड़ी एवं पदाधिकारी शुभम कुमार कप्तान, आदित्य कुमार, अंकित कुमार, रितेश कुमार, अनुराग कुमार, हर्ष कुमार, गोविंद कुमार, रितिक कुमार, आर्यन कुमार, हिमांशु प्रशिक्षक, रमाकांत सिंह सोलंकी राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, देव कुमार सिंह, डॉक्टर हरेंद्र कुमार सिंह, सभापति बैठा, सुरभि दत्त, राकेश कुमार सिंह शैलेंद्र कुमार, दीपक कुमार, रितेश कुमार, दीपू कुमार उपस्थित थे.
52वीं जूनियर राज्य कबड्डी प्रतियोगिता में सारण ने बक्सर टीम को हराया ; डीएम ने किया सम्मानित


