CHHAPRA DESK- भाषा हमें सभ्य बनाती है. उर्दू किसी कौम की नहीं बल्कि विशुद्ध भारत की भाषा है. उक्त बातें जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग उर्दू निदेशालय के तत्वाधान में प्रेक्षा गृह में आयोजित उर्दू भाषी छात्र प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत वाद विवाद प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कहा. उन्होंने कहा कि उर्दू मीठी और प्यारी जुबान है. यह गंगा जमुनी तहजीब की प्रतीक है. इस भाषा को लेकर दुर्भावना को दूर करने की आवश्यकता है. जिला उर्दू भाषा कोषांग हर माह इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करे ताकि ज्ञान का आदान प्रदान हो सके. डीएम ने लोगों से अपील किया कि रोजमर्रा की जिंदगी में उर्दू को शामिल करें. इंग्लिश और हिंदी भाषा की तरह उर्दू जबान की नियमित तालीम आवश्यक है. तभी सही मायने में उर्दू भाषा का विकास संभव हो सकेगा. उन्होंने कहा कि भाषा की तरक्की के लिए सरकार द्वारा हर साल इस तरह का आयोजन किया जाता है. ताकि आम लोगों द्वारा अन्य भाषाओं की तरह उर्दू को भी बढ़ावा मिल सके. इससे पूर्व प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर जिलाधिकारी व अन्य अतिथियों ने जिला उर्दूनामा पत्रिका का लोकार्पण किया. अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला उर्दू भाषा कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने कार्यक्रम की रुपरेखा पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन आपको और आगे बढ़ने को प्रेरित करता है. उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन हौसला बढ़ता है तथा हम पहले से भी बड़ी सफलता पाने के लिए अग्रसर होते हैं. उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल सचिवालय के उर्दू निदेशालय के तत्वावधान में उर्दू भाषी विद्यार्थी प्रोत्साहन राज्य योजना के तहत मैट्रिक, इंटर और स्नातक स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन विभिन्न अलग अलग विषयों पर हो रहा है. प्रो. शमीम परवेज, प्रो शकील अनवर और डा. वलीउल्लाह कादरी की तीन सदस्यीय जूरी पैनल निर्णायक की भूमिका निभाएगी. सभा को स्थापना उप समाहर्ता गुलाब हुसैन, एनडीसी रवि कुमार, ओएसडी मिंटू चौधरी, जुनैद मीर, मो इसलामुद्दीन, नेसार अहमद आदि ने संबोधित किया.
99 हजार रुपये का बटा पुरस्कार
उन्होंने बताया कि मैट्रिक के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 45 सौ, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन छात्रों को 35 सौ और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चार छात्रों को 25 सौ रुपए. इंटर के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 55 सौ, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन छात्रों को 45 सौ और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चार छात्रों को 35 सौ. जबकि स्नातक के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 65 सौ, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन छात्रों को 55 सौ और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चार छात्रों को 45 सौ रुपए नगद प्रदान किया जाएगा. सभी विजेताओं को राशि के साथ मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया.
इन्हें किया गया सम्मानित
मौके पर मैट्रिक स्तर पर नरगिस बानो को प्रथम, जासमीन, शाहीना व तबस्सुम को द्वितीय तथा शमा, मो. दिनकश, हबीबा व नगमा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया. इंटर स्तर पर फरहत को प्रथम, कायनात, नौशीन व आएशा को द्वितीय और जीनत, शादिया, नेमत व तबस्सुम को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया जबकि स्नातक स्तर पर शायका को प्रथम, नुजहत, सना व सानिया को द्वितीय तथा मुस्कान, शबाना, नरगिस व अफशां को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया. कार्यक्रम संयोजन में कोषांग के मो रेयाजुद्दीन अहमद, मो हारून रशीद, मो. तारिक, नूर फातमा, आयुष कुमार, मो शाहनवाज आदि ने सहयोग किया.

