CHHAPRA DESK- सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित सारण जिला भ्रमण के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है. इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों पदाधिकारियों ने एक-एक बिंदु का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम रामघाट परिसर में चल रही तैयारियों का जायजा लिया गया. जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर प्रस्तावित हैंगर, ग्रीन रूम, स्टेज, डी-एरिया, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया. उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर आगंतुकों, विशिष्ट अतिथियों एवं आम नागरिकों की सुविधा तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं. घाट की सीढ़ियों की साफ-सफाई, सरयू नदी के जल से घाट के हिस्सों की सफाई तथा पूरे घाट परिसर को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. वहीं जिला पदाधिकारी ने घाट परिसर में प्रस्तावित जीविका कैफेटेरिया को 'मां सरयू कैफे, मांझी, सारण' के नाम से विकसित एवं नामांकित करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही अटल वाटिका को आकर्षक वॉर्म लाइटिंग के माध्यम से विशेष पहचान देने को कहा गया. पूरे परिसर में डेकोरेटिव प्लांट्स, फ्लावर प्लांटेशन, वर्टिकल गार्डन, चारदीवारी के सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण एवं ग्रास लगाने के लिए उपयुक्त स्थलों को चिह्नित कर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.

पार्क परिसर में बच्चों एवं आगंतुकों के लिए झूले तथा अन्य आकर्षक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया. जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परिसर के सौंदर्यीकरण एवं विकास से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं. इसके पश्चात जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया. यहां मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया.