CHHAPRA DESK- सारण जिले के बनियापुर में नवनिर्मित खेल सम्मान भवन का लोकार्पण आज सूबे के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन द्वारा किया गया। इस खेल सम्मान भवन का निर्माण सेल (SAIL), बनियापुर द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) के तहत कराया गया है. यह पहल क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. लोकार्पण समारोह के अवसर पर सर्वप्रथम राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया. इसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. तत्पश्चात राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया गया. इसके उपरांत माननीय राज्यपाल द्वारा रिमोट का बटन दबाकर खेल सम्मान भवन, बनियापुर का विधिवत लोकार्पण किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बनियापुर के विधायक श्री केदारनाथ प्रसाद सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में बनियापुर की धरती को गौरवान्वित एवं धन्य बताया. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार बिहार के माननीय राज्यपाल का बनियापुर की धरती पर आगमन हुआ है, जो इस क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर है. इस अवसर पर महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने राज्यपाल के आगमन एवं खेल सम्मान भवन के लोकार्पण के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने बिहार की खेल मंत्री एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी श्रेयसी सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए सारण जिले में खेल सुविधाओं के विकास एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की. खेल एवं उद्योग मंत्री सुश्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री का वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों के आयोजन का सपना है. इस लक्ष्य की प्राप्ति में बिहार एवं विशेषकर सारण के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है. उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में खेल सुविधाओं के विकास एवं खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि खेल सम्मान भवन के लोकार्पण से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, व्यवस्थित प्रशिक्षण प्राप्त करने, बेहतर कोचिंग एवं खेल संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा. यह भवन खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा, जहां राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी संभावनाएं साकार होंगी. उन्होंने इसे सारण जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया. लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने अपने संबोधन में आजादी के बाद पहली बार सारण की धरती पर राज्यपाल के आगमन के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख किया.
HULCHAL NEWS 24
Satya Ke Sath

