CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत गौरा थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा मटिहा गांव में आर्म्स एक्ट के फरार आरोपी प्रिंस कुमार गिरि के अपहरण का मामला सामने आया है. इस मामले में उसकी मां मुन्ना देवी ने मढ़ौरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में मंटू कुमार गिरि समेत तीन-चार अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बुधवार को नेथुआ चिमनी के पास आरोपितों ने प्रिंस कुमार के साथ मारपीट की. इसके बाद उसके गले में गमछा डालकर बाइक से जबरन उठा ले गए. घटना के बाद से प्रिंस कुमार का कोई पता नहीं चल रहा है.

बताया जाता है कि प्रिंस कुमार आर्म्स एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.