CHHAPRA DESK- छपरा शहर के जगदम कॉलेज ढाला और सारण एकेडमी ढाला पर आज रेलवे फाटक बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. करीब एक घंटे तक दोनों ढालों पर फाटक बंद रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इस दौरान बाइक, ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य छोटे-बड़े वाहन सवार फंसे रहे. लोग इधर से उधर जाने के लिए परेशान नजर आए। फाटक के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस दौरान एक के बाद एक नौ ट्रेनों को पास कराया गया. इसके कारण रेलवे फाटक काफी देर तक बंद रहा. छठ महापर्व के बाद पहले से ही ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ चल रही है. रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए 60 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. इसके बावजूद लगातार ट्रेनों के गुजरने और लंबे समय तक फाटक बंद रहने से शहर के लोगों की परेशानी बढ़ गई है.

इस संबंध में सोनी मिश्रा ने बताया कि पिछले एक घंटे से उनका टेंपो जगदम कॉलेज ढाला पर फंसा हुआ था। इस दौरान नौ ट्रेनें गुजर गईं, लेकिन फाटक नहीं खुला। उन्होंने कहा कि जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. लंबे समय तक फाटक बंद रहने से लोगों में रेलवे की व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी गई. लोगों का कहना था कि लगातार ट्रेनों के परिचालन के बीच सड़क यातायात को सुचारु रखने के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत है.