CHHAPRA DESK- सारण जिलांतर्गत बाजार समिति स्थित संयुक्त कृषि भवन के प्रांगण में आज दो दिवसीय किसान मेला-सह-फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. मेले में जिले के सभी प्रखंडों से आए किसानों ने अपने उत्कृष्ट कृषि उत्पादों एवं उपज का प्रदर्शन किया. मेले में कृषि यंत्रों एवं उपादान विक्रेताओं के साथ-साथ मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, पौधा संरक्षण विभाग, मिट्टी जांच प्रयोगशाला, जीविका एवं आनंदीहित समूह द्वार. विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं. इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीकों, विभागीय योजनाओं, कृषि यंत्रों एवं अन्य उपयोगी सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है. मेले का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष जयमित्रा देवी एवं संयुक्त निदेशक (शस्य), सारण प्रमंडल अजय कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोना निदेशक, आत्मा मधुरेन्द्र कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों, प्रसार कर्मियों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए किसान मेले की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा इसे किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया. उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करते हुए जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने की सलाह दी. संयुक्त निदेशक (शस्य), सारण प्रमंडल, छपरा ने अपने संबोधन में कहा कि किसान हमारी भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं तथा देश की आर्थिक व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को बाजार से बीज खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़े. साथ ही विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सड़क किनारे क्लस्टर विकसित करने तथा समय-समय पर किसानों के बीच भ्रमण कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप कीटनाशक एवं अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष ने फल एवं सब्जियों की उत्कृष्ट प्रदर्शनी लगाने के लिए किसानों को बधाई एवं धन्यवाद दिया. उन्होंने किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार के किसान मेलों का समय-समय पर आयोजन कराने का अनुरोध किया, ताकि किसानों को प्रोत्साहन मिलता रहे.कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों के किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सोनपुर सहित जिला स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रह. इनमें सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण, उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, सहायक निदेशक (शस्य) प्रक्षेत्र, जिला उद्यान पदाधिकारी, सहायक निदेशक, बीज उत्पादन, सहायक निदेशक, बीज विश्लेषण तथा जिला कृषि विपणन पदाधिकारी-सह-विशेष पदाधिकारी शामिल थे.
दो दिवसीय किसान मेला-सह-फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी का आयोजन ; किसानों ने प्रदर्शित किए उत्कृष्ट उत्पाद

