CHHAPRA DESK- सारण जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. छठ व्रतियों के द्वारा शहर के सरयू, सोन एवं अन्य नदियों के तट पर हजारों की संख्या में भगवान भास्कर को जल अर्पित किया. जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यापक तैयारियों, सतत निगरानी एवं चाक-चौबंद विधि-व्यवस्था के परिणामस्वरूप जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की. वहीं महापर्व के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील छठ घाटों पर व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं. इसके तहत विभिन्न घाटों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल एवं संबंधित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी. हालांकि, जिले के डेरनी थाना अंतर्गत मही नदी में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के क्रम में एक छठ व्र्ती की डूब कर मौत हो गई. इस घटना के बाद छठ घाट पर हड़कंप मच गया. जब तक उनको नदी से निकाला जाता तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मृत व्यक्ति डेरनी थाना क्षेत्र के विशम्भर पुर गांव निवासी स्वर्गीय शिव प्रसाद सहनी के 70 वर्षीय पुत्र रामनाथ सहनी बताये गये है.
लोक आस्था का चार दिवसीय अनुष्ठान छठ पर्व उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न ; जिला प्रशासन ने की चाक-चौबंद व्यवस्था

