CHHAPRA / SIWAN DESK - सारण के पूर्व डीपीओ सह सहरसा के डीपीओ (जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा योजना एवं लेखा) अजीत अमर हरिजन आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर जांच के दायरे में हैं. इसी क्रम में आज की टीम के द्वारा उनके छपरा सिवान के साथ सहरसा स्थित आवास पर रेड किया गया है. समाचार प्रेषण तक छापेमारी जारी थी. बता दें कि सारण उप विकास आयुक्त सारण के नेतृत्व में गठित पांच सदस्यीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी. रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई के लिए इसे शिक्षा विभाग के निदेशक प्रशासन को भेजा था. जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 32 माह की अवधि में डीपीओ को वेतन के रूप में लगभग 27.43 लाख रुपये प्राप्त हुए, जबकि इसी दौरान उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 2.51 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन दर्ज किया गया. जांच में यह भी सामने आया कि उनकी पत्नी के नाम पर एकमा प्रखंड में लगभग 120 कट्ठा भूमि करीब 41.50 लाख रुपये में खरीदी गई. इसके अतिरिक्त लाखों रुपये की लागत से मकान निर्माण कराए जाने की भी जानकारी मिली है. इस मामले की शुरुआत एक संवेदक द्वारा जिला लोक शिकायत निवारण कोषांग में दर्ज कराई गई शिकायत से हुई थी. शिकायत में कार्य दिलाने के नाम पर राशि मांगने का आरोप लगाया गया था. जांच के दौरान शिकायतकर्ता और डीपीओ के बीच वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य भी सामने आने की बात कही गई थी. जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में डीपीओ, उनकी पत्नी तथा अन्य स्वजनों के बैंक खातों और संपत्तियों की विस्तृत जांच कराने की अनुशंसा की. साथ ही संबंधित बैंक, निबंधन विभाग और अन्य सक्षम प्राधिकारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की सिफारिश की गई. उक्त आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में शिकंजा कसता नजर आ रहा है.
HULCHAL NEWS 24
Satya Ke Sath
Advertisement

