CHHAPRA DESK- सारण जिले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन तथा अटल घाट के उद्घाटन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने अटल घाट एवं आसपास के परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दोनों पदाधिकारियों ने एक-एक कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया. जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अटल घाट को एक धार्मिक, आध्यात्मिक एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की थीम पर सभी कार्य किए जाएं. इसके लिए घाट की सीढ़ियों की साफ-सफाई एवं मरम्मत, घाट परिसर की स्वच्छता, नदी के पानी की सफाई तथा घाट के सामने स्थित पूरे परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान घाट एवं नदी की स्वच्छता तथा आधारभूत सुविधाएं, घाट की सभी सीढ़ियों की समुचित साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने, मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने, पूरे परिसर में स्वच्छता, पेयजल एवं शौचालय सहित आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर का भी किया निरीक्षण
अटल घाट के निरीक्षण के पश्चात जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर का भी निरीक्षण किया. यहां परिसर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया गया.

