CHHAPRA DESK- छपरा नगर निगम की बोर्ड बैठक महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न वार्डों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों ने छपरा के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार एवं सुझाव रखे. शहर के विकास को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी और विकास कि योजनाओं को सर्वसहमति से पास किया गया. मानसून के दौरान नगर निगम क्षेत्र के जिन इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, उन क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई. जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नालों की सफाई, अवरुद्ध नालों को चालू कराने तथा जल निकासी के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई. इसका उद्देश्य बरसात के दिनों में आम नागरिकों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाना है. नगर निगम के सभी 45 वार्डों में सड़क एवं नाला निर्माण से संबंधित निविदा पूर्व तैयार की गई सूची की समीक्षा की गई। विभिन्न वार्डों में आवश्यकतानुसार सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई. पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं एवं जरूरतों को बैठक में रखा, ताकि विकास योजनाओं का लाभ सभी वार्डों तक समान रूप से पहुंच सके. निविदा पूर्व सूची को बैठक में मुहर लगी.
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत पात्र लाभुकों को आवास का लाभ उपलब्ध कराने एवं योजना के क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई. योजना के कार्यों में तेजी लाने, पात्र लाभुकों को समय पर लाभ दिलाने तथा आवेदन एवं स्वीकृति से संबंधित प्रक्रियाओं को सुचारू बनाने पर जोर दिया गया. शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्ट्रीट लाइट के रखरखाव, खराब लाइटों की मरम्मत तथा आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की गई. वार्डों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने और मरम्मत कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने पर चर्चा हुई. साथ ही आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि शहर की सड़कों एवं गलियों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था बनी रहे. महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने कहा कि छपरा का समग्र विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. नगर निगम के सभी 45 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति देना हमारा संकल्प है. शहर की जनता को जलजमाव, जर्जर सड़क, नाला, आवास और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी समस्याओं से राहत दिलाना हमारी जिम्मेदारी है. आज की बैठक में सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से रखा और शहर के विकास के लिए एकजुट होकर अपनी सहभागिता निभाई और विकास योजनाओं की सहमति दी। सभी पार्षदों को दिल से आभार. उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी विकास योजनाओं को पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतारा जाए। संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया जाएगा कि स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें. विकास किसी एक वार्ड का नहीं, बल्कि पूरे छपरा शहर का होना चाहिए.
बैठक में सभी पार्षदों की सक्रिय सहभागिता और विकास के प्रति एकजुटता देखने को मिली। नगर निगम प्रशासन ने शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की.

