VAISHALI DESK - वैशाली जिला के महनार थाना पुलिस ने हत्या, लूट और डकैती समेत कई संगीन आपराधिक मामलों में आरोपित एक फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्तौल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपित की पहचान फटिकवारा गांव निवासी रविन्द्र सिंह के रूप में हुई है.मंगलवार को महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने प्रेसवार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने विशेष छापेमारी कर रविन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ अलग-अलग जिलों में हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है. वह लंबे समय से फरार चल रहा था. एक मामले में उसके खिलाफ अदालत से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था.पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपित से पूछताछ के दौरान उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों से जुड़ी जानकारी मिली है. पुलिस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण सफलता मान रही है. आरोपित को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

