CHHAPRA DESK- छपरा शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह स्थित आर्ट गैलरी में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा किया गया. कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राहुल कुमार ने जिला पदाधिकारी को पौधा भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया. इसके उपरांत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीवास्तव ने उपस्थित प्रतिभागियों एवं कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और मेहनत के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है. उन्होंने आशा व्यक्त किया कि आज जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे युवा आगे चलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा के माध्यम से सारण जिले का नाम रोशन करेंगे. जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को पूरे उत्साह, आत्मविश्वास एवं समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
जिला स्तरीय युवा उत्सव का जिला पदाधिकारी ने किया उद्घाटन ; राष्ट्रीय स्तर पर सारण का नाम रोशन करने के लिए किया प्रेरित

