CHHAPRA DESK - सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्र में हुए हादसों में दो युवक की मौत हुई है. जिसमें एक युवक के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जो कि बिजली मिस्त्री बताया गया है. पहली घटना जिले के दाउदपुर थाना अंतर्गत रेलवे ढाला के समीप घटी, जहां किसी ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत मौके पर हो गई. मृत युवक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है. सूचना के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया. जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, मृत युवक की पहचान जिले के कोपा थाना क्षेत्र के कुमना गांव निवासी सोना लाल प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र प्रमोद प्रसाद के रूप में की गई जो कि मानसिक रूप से कमजोर बताया गया है. पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के पिता ने बताया कि प्रमोद मानसिक रूप से कमजोर था और उसका इलाज चल रहा था. वह कब कैसे घर से निकलकर रेलवे ढाला पर पहुंचा और मौत हुई इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी. खोजबीन के क्रम में उन्हें पता चला कि कोई युवक ढाला पर कटा है. जिसके बाद उनके द्वारा उसकी पहचान की गई.

जबकि, दूसरी घटना जिले के डेरनी थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एक बिजली मिस्त्री की मौत करंट लगने से हुई है. जो कि निजी तौर पर बिजली मिस्त्री का काम करता था. घटनास्थल के समीप से बिजली के पोल पर चढ़ने वाला जूता भी बरामद किया गया है. जिससे यह कयाश लगाया जा रहा है कि वह बिजली का कुछ रिपेयर करने के लिए वहां पहुंचा होगा. हालांकि समाचार प्रेषण तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने अनभिज्ञता जाहिर की है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. वही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रखा है.