CHHAPRA DESK- बाबा बागेश्वर द्वारा दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर सारण में नाराजगी देखने को मिली. आज जिले के मशरक प्रखंड अंतर्गत डुमरसन बंगरा में लोगों ने विरोध मार्च निकालकर आक्रोश प्रकट किया. उस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न नारों के साथ मार्च निकाला और उनका पुतला दहन कर विरोध जताया. विरोध मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्तियों को अपने बयानों में संयम और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए. किसी भी धर्म, समाज या समुदाय से जुड़े विषयों पर टिप्पणी करते समय संवेदनशीलता बरतनी चाहिए, ताकि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बना रहे. प्रदर्शनकारियों ने संबंधित बयान पर अपनी आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया. डुमरसन बंगरा में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम के दौरान लोगों ने एकजुट होकर अपनी नाराजगी जाहिर की. पुतला दहन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. विरोध मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम में राहुल यादव, अमित यादव, रंजन यादव, चंदन कुशवाहा, अनिल यादव समेत अन्य लोग शामिल रहे.