CHHAPRA DESK- दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गया है. यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आज पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन, सीनियर कमांडेंट पंकज चुघ और सीनियर डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव समेत मंडल के कई अधिकारियों ने छपरा जंक्शन का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में डीआरएम सबसे पहले स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बनाए गए होल्डिंग एरिया पहुंचे. यहां उन्होंने यात्रियों के बैठने और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा को लेकर किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए. भीड़ बढ़ने की स्थिति में यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.इसके बाद अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया. यहां कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर की निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली. डीआरएम ने सेकेंड एंट्री का भी जायजा लिया और वहां पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया. साथ ही यात्रियों की सहायता के लिए हेल्थ डेस्क के साथ हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल सहायता मिल सके।अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली और सूरत जाने वाले यात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि होने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की व्यवस्था भी की जाएगी. रेलवे का उद्देश्य पर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है. निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक राजन कुमार, आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव, विजय रंजन मिश्रा, प्रमोद कुमार, विशाल, जीआरपी थानाध्यक्ष गुंजन कुमार, डीसीआई राजेंद्र समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.