SIWAN DESK - बिहार के सिवान जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दीपावली की देर रात महादेवा थाना क्षेत्र के झुनापुर गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई. जबकि, दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. वहीं, तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया. मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहनी गांव निवासी गोलू कुमार, रसूलपुर गांव निवासी मुकेश चौहान और गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सलाह गांव निवासी शनिष कुमार के रूप में हुई है. वहीं, हादसे में रसूलपुर निवासी अभिषेक और गोलू घायल हुए हैं. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, सनिष कुमार और गोलू एक बाइक पर सवार होकर गोलू के घर जा रहे थे. वहीं, दूसरी बाइक पर मुकेश चौहान, अभिषेक और एक अन्य गोलू सवार होकर सिवान की ओर जा रहे थे. उसी दौरान झुनापुर गांव के समीप दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही महादेवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है. इस मामले में महादेवा थानाध्यक्ष विनीत कुमार विनायक ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. दीपावली की रात हुए इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं.
दो बाइकों की भीषण टक्कर में तीन युवक की दर्दनाक मौत ; दो गंभीर

