GOPALGANJ DESK- गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के अरार मोड़ के समीप स्थित एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान आज एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. मरीज की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गलत इलाज तथा लापरवाही का आरोप लगाया. परिजनों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और नर्सिंग होम प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. घटना के बाद अस्पताल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुट गई परिजनों के अनुसार, मरीज के पैर में पिछले सितंबर महीने में मामूली घाव हो गया था. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए उक्त निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. आरोप है कि लंबे समय तक इलाज के नाम पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से लगातार पैसे लिए जाते रहे. परिजनों का दावा है कि इलाज पर करीब चार लाख रुपये खर्च हो गए, लेकिन मरीज की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. परिजनों का कहना है कि मरीज को प्रतिदिन घाव की ड्रेसिंग कराने के लिए नर्सिंग होम बुलाया जाता था. सोमवार को भी मरीज को ड्रेसिंग के लिए अस्पताल लाया गया था. उसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने और गलत उपचार करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. हंगामे की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. जिसके बाद परिजन शव लेकर अपने घर चले गए.वहीं, अस्पताल संचालकों और संबंधित चिकित्सक से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही मरीज की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.