CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत डेरनी थाना क्षेत्र में खानपुर बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में एक प्रेमी युगल की शादी कराई गई. भादो माह में शुभ कार्य नहीं होने की मान्यता के बावजूद दोनों परिवारों ने सहमति से मंदिर परिसर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कराया. शादी के दौरान मंदिर में लोगों की भीड़ जुटी रही. जानकारी के अनुसार खजौता गांव निवासी बादल कुमार की मुलाकात मढ़ौरा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से ननिहाल आने-जाने के दौरान हुई थी. बातचीत के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बना. स्थानीय लोगों के मुताबिक यह संबंध करीब दो साल से चल रहा था. करीब 20 दिन पहले दोनों घर से चले गए थे. इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश की. समझाने के प्रयास भी किए गए. परिजनों की ओर से शादी कराने का आश्वासन मिलने के बाद दोनों वापस लौट आए. इसके बाद दोनों परिवारों ने दिघवारा-भेल्दी मुख्य पथ पर खानपुर बाजार के दुर्गा मंदिर में विवाह कराने का फैसला किया. परिजनों और अन्य लोगों की मौजूदगी में शादी संपन्न कराई गई. विवाह के बाद युवक अपनी पत्नी को लेकर घर चला गया. स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि शादी के बाद दोनों दूसरे प्रदेश चले गए. घटना को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है.
भादो में भी मंदिर में हुई शादी ; दो साल के प्रेम संबंध के बाद परिजनों की सहमति से विवाह

