CHHAPRA DESK- छठ महापर्व समाप्त होने के बाद प्रवासियों के काम पर लौटने का सिलसिला तेज हो गया है. इसे देखते हुए रेलवे की ओर से छपरा जंक्शन होकर 60 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. इसके बावजूद नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है. स्थिति यह है कि नई दिल्ली जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट, वैशाली एक्सप्रेस और गरीब रथ के अलावा कोलकाता जाने वाली बलिया-सियालदह, गोरखपुर-कोलकाता और पूर्वांचल एक्सप्रेस में भारी भीड़ उमड़ रही है. वहीं मुंबई जाने वाली पवन एक्सप्रेस में भी यात्रियों का दबाव बना हुआ है. दूसरी ओर, कई स्पेशल ट्रेनों में अपेक्षाकृत कम यात्री नजर आ रहे हैं.
नियमित ट्रेन यात्रियों की पहली पसंद
जानकारी के अनुसार नियमित ट्रेनों के प्रति यात्रियों का भरोसा अधिक है. इसकी प्रमुख वजह इन ट्रेनों का निर्धारित समय पर परिचालन और रेलवे बोर्ड की निगरानी है. बिहार संपर्क क्रांति, वैशाली और गरीब रथ जैसी नियमित ट्रेनों के परिचालन की जानकारी रेलवे बोर्ड को भी देनी होती है. वहीं स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में ऐसी व्यवस्था नहीं होने से कई बार उन्हें विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया जाता है. इससे स्पेशल ट्रेनें घंटों खड़ी रहती हैं और अपने गंतव्य तक पहुंचने में विलंब होता है. यही वजह है कि यात्री स्पेशल ट्रेनों के बजाय नियमित ट्रेनों को प्राथमिकता दे रहे हैं.

