CHHAPRA DESK- कार्तिक पूर्णिमा (23-24 नवंबर 2026) के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. सोनपुर मेला क्षेत्र, गोदना सेमरिया घाट सहित जिले के विभिन्न प्रमुख नदी घाटों पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. सभी संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग, नाव, NDRF, गोताखोर, पुलिस बल, दंडाधिकारी, नियंत्रण कक्ष एवं पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्नान के दौरान नदियों में नावों के परिचालन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. वहीं, सोनपुर मेला एवं गोदना सेमरिया घाट पर 24 घंटे चिकित्सा सेवा, डॉक्टरों एवं पारा मेडिकल कर्मियों की तैनाती, एंबुलेंस, आवश्यक दवाओं, एंटी स्नेक वेनम, एंटी डॉग बाइट वैक्सीन एवं जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है. सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल में न्यूनतम 5 बेड तथा सदर अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा संसाधनों के साथ तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है. जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र के घाटों एवं मंदिरों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्थानीय नाविकों एवं गोताखोरों की उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया है. जिला प्रशासन का संकल्प है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित स्नान की सुविधा उपलब्ध कराई जाए.