MUZAFFARPUR DESK- साइबर अपराध के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने मुजफ्फरपुर के करजा इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों पर डिजिटल अरेस्ट कर एक रिटायर्ड महिला शिक्षक से 1.23 करोड़ रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को उस वक्त दबोचा जब वे बस में सवार होकर फरार होने की फिराक में थे. गिरफ्तार शातिरों की पहचान भागलपुर जिले के निवासी पंकज कुमार और सुमित कुमार के रूप में हुई है.

ट्रांजिट रिमांड पर हरियाणा ले गई पुलिस

गिरफ्तारी के बाद हरियाणा पुलिस की टीम ने दोनों आरोपियों को स्थानीय कोर्ट में प्रस्तुत किया. न्यायालय से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम दोनों शातिरों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ हरियाणा लेकर रवाना हो गई. इस मामले में हरियाणा के कैथल जिले के साइबर थाने में नौ नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद से पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी.

फर्जी खाते का डर दिखाकर बनाया था डिजिटल अरेस्ट का शिकार

 पुलिस के अनुसार, रिटायर्ड महिला शिक्षक वेद कुमारी को तीन नवंबर को साइबर अपराधियों ने अपना निशाना बनाया था. शातिरों ने फोन कर महिला को उनके नाम पर फर्जी बैंक खाता होने और उसमें अवैध वित्तीय लेनदेन होने का झूठा आरोप लगाया. कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का भय दिखाकर अपराधियों ने उन्हें घंटों तक 'डिजिटल अरेस्ट' में रखा. डर के कारण पीड़िता ने अपनी एचडीएफसी बैंक की एफडी तुड़वाई और डाकघर से 28 किसान विकास पत्रों के 90 लाख रुपये निकाले.