CHHAPRA DESK- सारण जिले के होनहार युवा अभिजीत कुमार ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है. उनका चयन मध्य रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में ग्रुप 'बी' (लेवल-8) के सहायक मंडल अभियंता (एईएन/एडीईएन) पद पर हुआ है. 30 प्रतिशत एलडीसीई कोटे (वर्ष 2025-2026) के तहत मेरिट के आधार पर चयनित अभिजीत ने महाराष्ट्र के भुसावल डिवीजन अंतर्गत खंडवा में सहायक मंडल अभियंता के पद पर 16 नवंबर को योगदान दिया है. मध्य रेलवे मुख्यालय, मुंबई की ओर से 19 अक्टूबर को जारी अनंतिम चयन सूची में उनका नाम शामिल किया गया था. इस सफलता के साथ अभिजीत ने न केवल अपने परिवार. बल्कि पूरे सारण जिले को गौरवान्वित किया है. उनकी उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है. जो मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर अपने करियर में ऊंचा मुकाम हासिल करना चाहते हैं. अभिजीत का परिवार शिक्षा और सेवा के क्षेत्र से जुड़ा है. उनके पिता डॉ. जनार्दन सिंह मढ़ौरा प्रखंड के मध्य विद्यालय असोईयां में प्रधानाध्यापक हैं. जबकि माता इंदु सिंह छपरा सदर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामनगर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं. उनकी छोटी बहन योजना एवं विकास विभाग के सारण प्रमंडल क्षेत्रीय कार्यालय में योजना सहायक हैं. पूरा परिवार छपरा के प्रभुनाथनगर में रहता है. अभिजीत की इस कामयाबी से परिवार, रिश्तेदारों और गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल है. उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है.
सारण के अभिजीत कुमार ने हासिल की बड़ी उपलब्धि ; मध्य रेलवे में बने सहायक मंडल अभियंता

