CHHAPRA DESK- सारण जिला प्रशासन, सारण एवं शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में कमजोर एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन हेतु एक विशेष पहल 'संकल्प संध्या' (Evening Remedial Classes) का आज विधिवत शुभारंभ किया गया. पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसकी शुरुआत जिला स्कूल, सारण (छपरा) में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), सारण के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई. विद्यार्थियों के हित में यह कक्षाएं पूरी तरह से निःशुल्क रखी गई हैं. जिसमें गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, कंप्यूटर साइंस तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी. यह विशेष कक्षाएं कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित की जा रही हैं. उद्घाटन के अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है. कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
परीक्षा की विशेष तैयारी:
विद्यार्थियों को होमवर्क पूरा कराने के साथ-साथ आगामी बोर्ड एवं अन्य परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाएगी. अनुभवी मार्गदर्शकों द्वारा अध्यापन: इन कक्षाओं में सरकारी शिक्षकों के साथ-साथ सेवानिवृत्त IAS, BAS, BES एवं अन्य अनुभवी अधिकारियों द्वारा स्वैच्छिक रूप से अध्यापन किया जाएगा. आधुनिक तकनीक का उपयोग: पठन-पाठन को प्रभावी बनाने के लिए स्मार्ट क्लास (Smart Board) और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का व्यापक उपयोग किया जा रहा है।.

