CHHAPRA DESK - सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज इसुआपुर प्रखंड की डटरा पुरसौली पंचायत स्थित कटाव प्रभावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का विस्तृत जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कटाव की वर्तमान स्थिति, संभावित जोखिम तथा बचाव एवं निरोधात्मक कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की. साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि उक्त क्षेत्र में गेहुआ नदी की धारा प्रवाहित होती है तथा अतिरिक्त जल निकासी की व्यवस्था ह्यूम पाइप के माध्यम से की गई है. स्थिति का अवलोकन करने के उपरांत जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पूरे प्रभावित स्ट्रेच का पक्कीकरण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने नहर के किनारे उगे पुराने पेड़-पौधों, झाड़ियों एवं झंखाड़ों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को भी कहा, ताकि जल प्रवाह बाधित न हो और कटाव की संभावना कम की जा सके.

जिला पदाधिकारी ने संभावित आपदा से निपटने की तैयारी के तहत कटाव स्थल के समीप 2,000 बोरे सुरक्षित भंडारित रखने का निर्देश दिया, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. इसके अतिरिक्त उन्होंने बांध के पूरे संवेदनशील स्ट्रेच के किनारों का सीमेंट कंक्रीट (सीमेंटेड) कार्य कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कटाव निरोधी कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए. जिला पदाधिकारी ने कहा कि संभावित कटाव से जन-धन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक संसाधन एवं उपकरण उपलब्ध रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, मढ़ौरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, इसुआपुर एवं कार्यपालक अभियंता, बाढ़ निस्सरण प्रमंडल, छपरा उपस्थित रहे. जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कटाव प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए स्थिति से जिला प्रशासन को लगातार अवगत कराने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.