CHHAPRA/ SIWAN DESK - बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने जय प्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) से जुड़े छपरा और सिवान के चार डिग्री कॉलेजों की संबद्धता (मान्यता) तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है. त्रिस्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि इन कॉलेजों को विश्वविद्यालय की नीति-निर्धारक और कार्यकारी संस्थाओं सीनेट और सिंडिकेट की अनिवार्य मंजूरी के बिना ही संबद्धता दे दी गई थी.
मान्यता रद्द किए गए कॉलेज:
1. आरडीएम डिग्री कॉलेज, राठौड़ टोला (छपरा)
2. डॉ भूषण प्रसाद यादव डिग्री कॉलेज, महमदा (सारण)
3. को-ऑपरेटिव डिग्री कॉलेज, सकड्डी (सारण)
4. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर डिग्री कॉलेज, बड़हरिया (सिवान) छात्रों के लिए राहत : सरकार ने स्पष्ट किया है कि नामांकित विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित नहीं होगा. जेपी विश्वविद्यालय को सभी छात्र-छात्राओं को नजदीकी मान्यता प्राप्त कॉलेजों में शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया है. उच्च शिक्षा विभाग के उप सचिव शिशिर कुमार मिश्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन को कड़ा निर्देश दिया है कि भविष्य में बिना सीनेट या सिंडिकेट के अनुमोदन के संबद्धता का कोई भी प्रस्ताव न भेजा जाए.


