CHHAPRA DESK- सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में बीते दिन 6 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. शिकायत के अनुसार, बच्ची गुरुवार को संध्या स्कूल से लौटने के बाद घर के बाहर खेल रही थी. आरोप है कि पड़ोस का एक शादीशुदा युवक उसे मोबाइल फोन दिखाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया. उस समय आरोपी के घर के सभी लोग खेत में धान काटने गए थे, घर पर वह अकेला था. आरोप है कि घर में अकेला पाकर युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां दौड़कर पहुंची तो घटना का पता चला. परिजनों ने तुरंत 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मढ़ौरा एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और छापेमारी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. बच्ची को चिकित्सीय जांच एवं उपचार के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने पोक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा.

